हैरिटेज भवन बनेगा संस्कृति का आईना: पौड़ी के पुराने कलेक्ट्रेट भवन में सजेगी धरोहर की झलक

पौड़ी, 30 अक्टूबर 2025।
जनपद पौड़ी गढ़वाल का पुराना कलेक्ट्रेट भवन अब अपनी ऐतिहासिक गरिमा के साथ एक नए स्वरूप में नज़र आएगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत इस भवन को “हैरिटेज भवन” के रूप में संरक्षित किया जा रहा है, जिसमें जिले की पौराणिक, पारंपरिक और ऐतिहासिक धरोहरें प्रदर्शित होंगी।


जिले के गौरवशाली अतीत की झांकी

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि इस हैरिटेज भवन में पौड़ी गढ़वाल की सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने का कार्य तेजी से जारी है।
यहां पौराणिक मूर्तियां, पारंपरिक वस्त्र, प्राचीन उपकरण, हस्तनिर्मित कलाकृतियां और विलुप्त होती सांस्कृतिक धरोहरें प्रदर्शित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं से जोड़ना है।


जनसहभागिता से सजेगा हैरिटेज भवन

जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था के पास ऐतिहासिक या पौराणिक वस्तुएं हैं और वे उन्हें हैरिटेज भवन में प्रदर्शित करना चाहते हैं, तो वे 15 नवम्बर 2025 तक जिलाधिकारी कार्यालय पौड़ी से संपर्क कर सकते हैं।

इच्छुक व्यक्ति सामग्री का नाम, विवरण तथा अपना नाम-पता निम्न अधिकारियों को दे सकते हैं:

  • अजीत सिंह रावत, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (मो. 9897844770)
  • मनोज कुमार रावत, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (नजारत) (मो. 9412375587)

चयन समिति करेगी वस्तुओं का चयन

जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त सामग्रियों का चयन विशेष समिति द्वारा किया जाएगा। चयनित वस्तुओं को दाता के नाम सहित हैरिटेज भवन में संरक्षित किया जाएगा, जिससे लोगों को अपनी धरोहरों से भावनात्मक जुड़ाव महसूस हो सके।


स्थानीय संस्कृति को मिलेगी नई पहचान

हैरिटेज भवन के माध्यम से पौड़ी की पारंपरिक संस्कृति, लोकजीवन और कला को नयी पहचान मिलेगी। यह न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा बल्कि स्थानीय पहचान और गौरव का प्रतीक भी होगा।