रॉयल डिलीशियस 51 और रेड डिलीशियस 45 रुपए किलो में खरीद
देहरादून, 20 सितम्बर।
उत्तरकाशी के सेब काश्तकारों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब रॉयल डिलीशियस सेब का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 51 रुपए प्रति किलो और रेड डिलीशियस 45 रुपए प्रति किलो तय किया गया है।
किसानों की मांग पर लिया फैसला
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति और किसानों की लगातार मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि हर्षिल घाटी का सेब विश्वभर में अपनी गुणवत्ता के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल ही में धराली क्षेत्र में आई आपदा से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार
कृषि मंत्री ने कहा कि इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार है। मुख्यमंत्री लगातार किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय ले रहे हैं। मंत्री जोशी ने कहा कि किसानों को राहत देने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए यह कदम बेहद अहम है।
आपदा से भारी नुकसान, 6,873 कृषक प्रभावित
पत्रकार वार्ता में कृषि मंत्री ने बताया कि हाल ही में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं से औद्यानिक व कृषि फसलों को भारी क्षति हुई है।
- औद्यानिक फसलों की क्षति का क्षेत्रफल 12,549.52 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।
- इनमें से 33% से अधिक क्षति वाले क्षेत्र 5,054.65 हेक्टेयर हैं, जिनमें सिंचित क्षेत्र 1,454.99 हेक्टेयर और असिंचित क्षेत्र 3,600.66 हेक्टेयर शामिल हैं।
- कृषि क्षेत्र में 33% से अधिक क्षति वाले 136.50 हेक्टेयर क्षेत्र का नुकसान दर्ज किया गया है।
प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा
कृषि मंत्री ने बताया कि कुल 6,873 किसान प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मानकों के अनुसार प्रभावित किसानों को शीघ्र ही मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
“किसानों के साथ खड़ी है सरकार”
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।



