मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025 के समापन सत्र में की शिरकत


लेखक गांव साहित्य, संस्कृति और सृजन का नया केंद्र बनेगा – मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 05 नवम्बर 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के थानो स्थित लेखक गांव में आयोजित स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025 के समापन सत्र में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लेखक गांव स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।


✦ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आंदोलनकारियों को नमन

मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष उत्सव पर सभी आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि लेखक गांव की परिकल्पना उन विचारों की प्रतीक है जो समाज को दिशा देते हैं और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए भविष्य निर्माण का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि लेखक गांव में आयोजित यह महोत्सव एक नई सृजन यात्रा का आरंभ है जो राज्य के साहित्य और संस्कृति को नई पहचान देगा।


✦ साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार उत्तराखण्ड साहित्य गौरव सम्मान के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित कर रही है, वहीं विभिन्न भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए वित्तीय सहायता योजना के तहत अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है।
साथ ही राज्य सरकार साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के तहत ₹5 लाख तक की धनराशि प्रदान करने की घोषणा भी कर चुकी है।


✦ युवा पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने के लिए कार्यक्रम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा पीढ़ी को साहित्य और संस्कृति से जोड़ने के लिए राज्य सरकार विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ निरंतर कार्य कर रही है और इसमें साहित्यकारों, कलाकारों और विद्वानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


✦ राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की उपस्थिति से गौरवशाली अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने हाल ही में राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर उत्तराखण्ड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 9 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखण्ड पधार रहे हैं, जो प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।


✦ लेखक गांव देगा वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्तराखण्ड में लेखक गांव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ विश्व के साहित्यिक मानचित्र पर राज्य को नई पहचान दिला रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में लेखक गांव भारत की प्राचीन परंपराओं को आधुनिक दृष्टि से जोड़ने में सेतु का कार्य करेगा।


✦ वरिष्ठ साहित्यकारों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व रक्षा सचिव डॉ. योगेन्द्र नारायण, ले.ज अनिल कुमार भट्ट (से.नि), पद्मश्री डॉ. हरमोहिन्दर सिंह बेदी, श्रीमती विदुषी निशंक सहित अनेक साहित्यकार और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।