देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचाई है। जनपद रुद्रप्रयाग की तहसील बसुकेदार क्षेत्र के बड़ेथ डुंगर तोक और चमोली जनपद के देवाल क्षेत्र में बादल फटने से भारी मलबा आने की खबर है। इस आपदा में कई परिवार प्रभावित हुए हैं और कुछ लोग मलबे में फंसे होने की सूचना मिली है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया और प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मैं निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। आपदा सचिव और दोनों जिलाधिकारियों से बात कर बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बाबा केदार से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”
मौके पर राहत-बचाव अभियान
प्रभावित क्षेत्रों में SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं।
फंसे परिवारों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबे के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।