देहरादून/चमोली, 1 अगस्त 2025
Young Pardhan of Sarkot Priyanka Negi
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र अंतर्गत सारकोट ग्राम पंचायत की नव-निर्वाचित 21 वर्षीय प्रधान प्रियंका नेगी को फोन कर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा एक पढ़ी-लिखी युवा महिला को ग्राम प्रधान चुनने के फैसले की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता की मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सारकोट को एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित कर रही है और इसके लिए जल्द ही सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सारकोट का अध्ययन दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि सारकोट मॉडल के आधार पर प्रदेश के अन्य जिलों में भी आदर्श गांव विकसित किए जाएंगे, जहां कृषि, पशुपालन और महिला स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रियंका नेगी को देहरादून आने का आमंत्रण भी दिया और गांव के समग्र विकास पर चर्चा करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रियंका नेगी ने सारकोट को गोद लिए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि गांव में पहले की तुलना में अब कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं और वह सरकार के सहयोग से विकास कार्यों को और गति देंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंचायत चुनावों में युवाओं और शिक्षित प्रतिनिधियों का चयन लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। राज्य सरकार त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली को मजबूत करने हेतु हरसंभव सहयोग देगी ताकि ग्राम स्तर पर विकास को और मजबूती मिले।