डालनवाला पुलिस स्टेशन में अव्यवस्थाओं पर CM का कड़ा एक्शन, कानून व्यवस्था में लापरवाही अक्षम्य
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान थानेदार को ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाज़िर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य अपराध है, और ऐसे मामलों में तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद, पुलिस को सख़्त निर्देश
अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री ने थाने की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में मौजूद कई शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझकर दर्ज किया जाए और उनका तत्काल, निष्पक्ष व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

महिला हेल्प डेस्क पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पहुंचे और महिला फरियादियों से संवाद किया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
FIR, ड्यूटी और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर की गहन समीक्षा करते हुए दर्ज मामलों में की गई कार्रवाई, फॉलोअप और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। इसके साथ ही ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का भी निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
बंदी गृह की गंदगी पर नाराज़गी
मुख्यमंत्री ने थाने के बंदी गृह में गंदगी और अव्यवस्था पर गहरी नाराज़गी जताई और तत्काल साफ-सफाई एवं मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्य संस्कृति को दर्शाती है।
ट्रैफिक व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर असंतोष
मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण से जुड़ी कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए मुख्यमंत्री ने विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।

SSP देहरादून मौके पर पहुंचे
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून तत्काल पुलिस स्टेशन पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है।
उन्होंने कहा,
“जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित में सख़्त से सख़्त कार्रवाई करने से सरकार पीछे नहीं हटेगी।”



