तकनीकी शिक्षा और युवा सोच के साथ करेंगी गांव का नेतृत्व
पौड़ी गढ़वाल।
पौड़ी जिले के पाबौ ब्लॉक के कुई गांव को उसकी अब तक की सबसे युवा ग्राम प्रधान मिल गई है। 22 वर्षीय साक्षी ने पंचायत चुनाव में जीत दर्ज कर इस पद को हासिल किया है। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद गांव लौटी साक्षी ने यह फैसला लिया कि वह अब अपने गांव के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगी। युवा सोच, तकनीकी दृष्टिकोण और सेवा भावना के साथ साक्षी अब ग्राम पंचायत की कमान संभालेंगी।
तकनीकी शिक्षा के साथ नेतृत्व की ओर कदम
साक्षी ने देहरादून से बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। पढ़ाई पूरी कर वे अपने गांव लौटीं और विकास की राह पर काम करने का निश्चय किया। तकनीकी शिक्षा से लैस होने के कारण वह आधुनिक दृष्टिकोण से गांव की समस्याओं को समझकर समाधान निकालने की दिशा में कार्य करेंगी।
गांव की आशाओं पर खरी उतरने का है संकल्प
साक्षी का कहना है कि वह अपने तकनीकी ज्ञान और शहरी अनुभव का इस्तेमाल करते हुए गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सुधार लाना चाहती हैं। उनका सपना है कि गांव के युवाओं को बेहतर अवसर मिले और महिलाएं आत्मनिर्भर बनें।
गांव में नई ऊर्जा का संचार
कुई गांव के लोगों को साक्षी से नई उम्मीदें हैं। युवा नेतृत्व को देखकर गांव में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। लोगों को विश्वास है कि साक्षी गांव की तस्वीर बदलने में सफल होंगी और एक आदर्श ग्राम पंचायत का निर्माण करेंगी।