लैंसडाउन पहुंचे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

05 अक्टूबर को होगा शहीद सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहेंगे मुख्य अतिथि

लैंसडाउन, 04 अक्टूबर।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी शनिवार को लैंसडाउन पहुंचे, जहां उन्होंने आगामी 05 अक्टूबर को आयोजित होने वाले शहीद सम्मान समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। यह भव्य समारोह लैंसडाउन के परेड मैदान में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

लैंसडाउन पहुंचकर मंत्री जोशी हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सीधे परेड मैदान पहुंचे और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गरिमामय तरीके से पूरी की जाएं।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम शहीदों के सम्मान और सैनिक परिवारों के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

“लैंसडाउन मेरी कर्मभूमि है” – गणेश जोशी

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि लैंसडाउन उनकी कर्मभूमि रही है और यहां आकर उन्हें गर्व का अनुभव होता है। उन्होंने बताया कि 13 नवम्बर 1976 को उन्होंने यहीं से राइफलमैन के रूप में भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का संकल्प लिया था।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शहीद सम्मान समारोह को लैंसडाउन में आयोजित किए जाने की सहमति देना सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर अमृतलाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल वीरेंद्र प्रसाद भट्ट, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य, तथा सेना एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।