रामलीला मंच से गूंजा पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा

राजा जनक से लगाई पुरानी पेंशन बहाली की गुहार

पौड़ी। पुरानी पेंशन बहाली के लिए पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा के पदाधिकारियों का संघर्ष लगातार जारी है। कर्मचारियों ने अब अपनी मांग को अनोखे अंदाज़ में उठाना शुरू कर दिया है।

रामलीला मंच से उठी आवाज

पौड़ी की रामलीला में आयोजित सीता स्वयंबर के मंच से मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। उन्होंने राजा जनक से कर्मचारियों के हित में जल्द निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान कहा कि केंद्र और राज्य सरकार से लगातार गुहार लगाई जा रही है, लेकिन मांग को अनदेखा किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस अनोखे तरीके से उठाई गई मांग का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पोखरियाल ने कहा कि कई बार आंदोलन करने के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

नेताओं को विशेष लाभ पर सवाल

पोखरियाल ने तंज कसते हुए कहा कि एक दिन का विधायक या सांसद बनने पर नेताओं को पुरानी पेंशन का लाभ मिल जाता है, लेकिन पूरी जिंदगी सरकारी सेवा करने के बाद भी कर्मचारियों को यह सुविधा नहीं दी जाती।

नई पेंशन योजना पर कड़ा हमला

उन्होंने नई पेंशन योजना को कर्मचारियों के साथ धोखा बताया। कहा कि यह योजना जबरदस्ती थोपी जा रही है और कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित कर रही है।

आंदोलन रहेगा जारी

मोर्चा ने स्पष्ट किया कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।